शनिवार, 19 सितंबर 2026Admin Login
Daily News Muhami
अजमेर और राजस्थान की भरोसेमंद स्थानीय खबरें
BREAKING
कर्ज में डूबे नौसिखिए अपराधियों की साजिश; जयपुर में नकली पिस्तौल और किचन वाले चाकू से CA का अपहरण, 3 गिरफ्तार

गोडियावास में समान शिक्षा व्यवस्था संघर्ष समिति की बैठक, हर माह अलग पंचायत में होगा आयोजन

प्रकाशित: 19 सितंबर 2026 को 09:23 am बजे
खबर शेयर करें
गोडियावास में समान शिक्षा व्यवस्था संघर्ष समिति की बैठक, हर माह अलग पंचायत में होगा आयोजन

गोडियावास. समान शिक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर ग्राम पंचायत गोडियावास में समान शिक्षा व्यवस्था संघर्ष समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में 10 गांवों से करीब 25 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें पंचायत समिति सदस्य, स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) सदस्य, स्वास्थ्य विभाग एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला साथिन, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, अधिवक्ता तथा बालवाड़ी और शिक्षा केंद्रों से जुड़े कार्यकर्ता शामिल रहे। बैठक की शुरुआत अभिषेक फ्रांसिस ने प्रतिभागियों के स्वागत और परिचय के साथ की। उन्होंने समान शिक्षा व्यवस्था की आवश्यकता तथा वर्तमान परिस्थितियों में इसकी उपयोगिता पर विचार रखे। इसके बाद आशा वर्मा ने गांवों में शिक्षा की मौजूदा स्थिति, समान शिक्षा व्यवस्था की अवधारणा और इस दिशा में सामूहिक रूप से आगे बढ़ने को लेकर चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि संघर्ष समिति की बैठक प्रत्येक माह अलग-अलग ग्राम पंचायतों में आयोजित की जाएगी और अभियान से नए लोगों को जोड़ा जाएगा। गांवों में समान शिक्षा व्यवस्था के समर्थन में नारा लेखन करवाने तथा अगली बैठक में ज्ञापन तैयार कर जिला कलेक्टर को सौंपने पर भी सहमति बनी। इसके साथ ही आगामी सरपंच चुनाव के दौरान सरपंच पद के प्रतिनिधियों को समान शिक्षा व्यवस्था से संबंधित घोषणा पत्र देने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। बैठक के आयोजन एवं व्यवस्थाओं में छोटू सिंह, जितेन्द्र और प्रियंका शर्मा की प्रमुख भूमिका रही।