ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास और हर ग्रामीण का सम्मान हमारी प्राथमिकता : सरपंच निकेश सिंह रावत
नवगठित ग्राम पंचायत मुहामी के सरपंच ने संभाला पदभार, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों की मौजूदगी में नए कार्यकाल की शुरुआत

मुहामी। नवगठित ग्राम पंचायत मुहामी के नवनिर्वाचित सरपंच निकेश सिंह रावत ने बुधवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपसरपंच मीरा देवी सहित नवनिर्वाचित वार्ड पंच उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण करने के साथ ही ग्राम पंचायत में नए कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत हुई।
इस अवसर पर सरपंच निकेश सिंह रावत के संबोधन में गांव के सर्वांगीण विकास, आपसी भाईचारे और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का संदेश प्रमुख रहा। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का प्रत्येक नागरिक उनके लिए समान है। गांव के विकास में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। जनसमस्याओं का समाधान, पारदर्शी प्रशासन और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प है। गांव में सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से कार्य किया जाएगा। गांव की एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द को बनाए रखते हुए मुहामी को विकास की नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान नवनिर्वाचित वार्ड पंच रमेश चंद, प्रिया रावत, शंकर सिंह, कमला देवी, जगदीश सिंह तथा सुरेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
नवगठित ग्राम पंचायत में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पदभार संभालने के साथ ही ग्रामीण विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
फोटो कैप्शन : ग्राम पंचायत मुहामी में बुधवार को पदभार ग्रहण करते सरपंच निकेश सिंह रावत एवं उपस्थित जनप्रतिनिधि।

