बूबानी में 21 सितंबर को भरेगा वीर तेजाजी महाराज का भव्य मेला
एक दिन पूर्व विशाल भजन संध्या, दोपहर 12 बजे होगा झंडारोहण

ग्राम बूबानी में लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज का भव्य मेला 21 सितंबर 2026 को आयोजित होगा। मेले को लेकर ग्रामीणों एवं तेजाजी मंडल की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन के तहत एक दिन पूर्व 20 सितंबर को विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। एडवोकेट प्रकाश रावत ने बताया कि 21 सितंबर को दोपहर 12 बजे झंडारोहण के साथ मेले के प्रमुख कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। मेले में बूबानी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत, जिला परिषद सदस्य श्रवण सिंह रावत, अजमेर ग्रामीण प्रधान सीमा अर्जुन सिंह रावत, राजस्थान रावत महासभा के प्रदेश महामंत्री कुन्दन सिंह रावत, गेगल थाना अधिकारी रोशन सामरिया, पंचायत समिति सदस्य ज्ञान सिंह रावत तथा बूबानी सरपंच निकेश रावत अतिथि के रूप में शामिल होंगे। रावत ने बताया कि मेले का आयोजन समस्त ग्रामवासी एवं तेजाजी मंडल, ग्राम बूबानी की ओर से किया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर वीर तेजाजी महाराज के दर्शन करने एवं धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाने की अपील की है।